सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण..

बैकुंठपुर(कोरिया) सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जन सूचना अधिकारियों के लिए विकासखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुंठपुर में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कलेक्टर कोरिया के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय प्रशिक्षक सुशील तिवारी, शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ तथा जिला मास्टर ट्रेनर्स मारुति शर्मा, जिला परियोजना अधिकारी, साक्षरता कोरिया, धर्मेंद्र सिंह, व्याख्याता एवं कार्तिकेय शर्मा ने विकासखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को ऑनबोर्डिंग और प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशिक्षण के दौरान सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जन सूचना अधिकारी के कार्य एवं दायित्व, प्रथम अपीलीय अधिकारी की भूमिका, आवेदन के निराकरण की समय-सीमा तथा अपील की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में सोनहत विकासखंड से वीरेंद्र कुमार मिश्रा एवं रविकांत मिश्रा तथा बैकुंठपुर विकासखंड से महेश शिवहरे एवं चेतनारायण कश्यप विकासखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों की बेहतर समझ प्रदान कर इसके प्रावधानों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।




