कोरिया

दुकान बंद होने के बाद शराब लेने पहुंचे आबकारी विभाग के बड़े बाबू, वीडियो वायरल

 

कोरिया। जिले के पटना स्थित अंग्रेजी शराब दुकान का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें शराब दुकान बंद होने के बाद जिला आबकारी विभाग में पदस्थ कर्मचारी के शराब लेने पहुंचने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति शराब के नशे में दुकान के कर्मचारियों से कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी देते हुए नजर आ रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में व्यक्ति की पहचान उमाशंकर कुशवाहा, जिला आबकारी विभाग में पदस्थ कर्मचारी के रूप में बताई जा रही है। वीडियो में वह दुकान के कर्मचारियों से शराब की मांग करते हुए दिखाई दे रहा है। आरोप है कि शराब दुकान बंद होने के बाद भी वह शराब लेने पहुंचा और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया।

बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा आए दिन शराब की मांग को लेकर दुकान के कर्मचारियों से विवाद किया जाता है। वायरल वीडियो दुकान संचालक द्वारा बनाए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मामला आबकारी विभाग से जुड़े कर्मचारी का होने के कारण विभागीय कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर आबकारी विभाग द्वारा मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button