कोरिया

गौवंश हत्या मामले में 30 घंटे के भीतर पांच आरोपी गिरफ्तार

 

गौमांस के अवशेष, टांगी और चाकू बरामद; एक आरोपी नाबालिग

 

बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले के चौकी पोड़ी बचरा थाना बैकुण्ठपुर क्षेत्र में गौवंश हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के करीब 30 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।

 

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को ग्राम पोड़ी कंवरपारा के पीछे गड्ढे वाले खेत में गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। मामले में सरपंच सुशीला पति जय प्रकाश सिंह की रिपोर्ट पर चौकी पोड़ी बचरा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड, साइबर सेल तथा चौकी पोड़ी बचरा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

 

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संजय कुमार कुर्रे, धर्मेन्द्र कुर्रे, सुभाष कुर्रे और विक्की उर्फ अमन कुमार कुर्रे, सभी निवासी पोड़ी बैरडांड, सहित एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गौमांस के अवशेष तथा घटना में प्रयुक्त टांगी और चाकू बरामद करने का दावा किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें 28 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 29 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस के अनुसार, मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। कार्रवाई में चौकी प्रभारी लवांग सिंह सहित चौकी पोड़ी बचरा के पुलिसकर्मियों और साइबर सेल बैकुण्ठपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

कोरिया पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पशु क्रूरता सहित विभिन्न अपराधों के खिलाफ आगे भी त्वरित वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button