कोरिया

मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से नाराज जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, 7 दिन में व्यवस्था सुधारने की मांग..

सेमरिया पहुंचे जिला पंचायत सदस्य, जर्जर पुलिया और स्कूल भवन की हालत देख जताई नाराजगी

शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं सोनहत कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश सिंह ने वनांचल क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे ग्राम सेमरिया का दौरा किया। ब्लॉक मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर दुर्गम रास्तों से होकर पहुंचे सुरेश सिंह ने स्कूली बच्चों से मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय तक पहुंच मार्ग की बदहाल स्थिति और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।


ग्रामीणों ने बताया कि नदी में बनी क्षतिग्रस्त पुलिया लंबे समय से खराब है। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया मरम्मत की मांग कई बार प्रशासन के समक्ष रखी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने कहा कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है। इसके अलावा सुशासन तिहार में भी मांग रखी गई थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने वाला है, ऐसे में ग्रामीणों और बच्चों की परेशानी बढ़ सकती है।
उन्होंने जिला प्रशासन से सात दिनों के भीतर पुलिया सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी भी दी।

जर्जर स्कूल और आंगनबाड़ी भवन पर भी जताई चिंता

दौरे के दौरान सुरेश सिंह ने ग्राम सेमरिया के स्कूल और आंगनबाड़ी भवन की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि भवन काफी जर्जर हो चुका है। स्कूल की छत क्षतिग्रस्त है और दीवारों में बड़े-बड़े दरारें आ गई हैं। बारिश के दौरान सीपेज की समस्या बढ़ जाती है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए समय रहते भवन की मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button