जिला अस्पताल बैकुंठपुर में इंगुइनल हर्निया का सफल ऑपरेशन *जनरल सर्जन डॉ. अनुज पैकरा ने किया ऑपरेशन, मरीज की स्थिति संतोषजनक

*कोरिया,/ जिला अस्पताल बैकुंठपुर में बाईं ओर के इंगुइनल हर्निया से पीड़ित 19 वर्षीय युवक का सफल ऑपरेशन किया गया। यह शल्य चिकित्सा जिला अस्पताल के जनरल सर्जन डॉ. अनुज पैकरा द्वारा की गई।
मरीज को बाईं तरफ इंगुइनल हर्निया की समस्या के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आवश्यक जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति चिकित्सकों की निगरानी में संतोषजनक बताई गई है।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल ने बताया कि अस्पताल में मरीजों को आवश्यक शल्य चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इंगुइनल हर्निया जैसे सामान्य सर्जिकल मामलों का उपचार और ऑपरेशन विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जिला अस्पताल में ही किया जा रहा है। इससे मरीजों को उपचार के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता कम हो रही है।
उन्होंने सफल ऑपरेशन के लिए डॉ. अनुज पैकरा एवं ऑपरेशन थिएटर की पूरी टीम को बधाई दी। डॉ. जायसवाल ने कहा कि जिला अस्पताल में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रबंधन की प्राथमिकता है।
जिला अस्पताल बैकुंठपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के साथ विभिन्न विभागों में उपचार तथा आवश्यक शल्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल प्रबंधन द्वारा स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी हैं।



