कोरिया

धान खरीदी केंद्र की मांग पर विधायक भैयालाल राजवाड़े की पहल सफल, मनसुख-नानभान में मिली मंजूरी

 

 

 

बैकुंठपुर। क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े के प्रयासों से कोरिया जिले के मनसुख और नानभान में नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति मिली है। इस निर्णय से क्षेत्र के किसानों में हर्ष का माहौल है।

विधायक भैयालाल राजवाड़े ने सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों को यह खुशखबरी साझा करते हुए इस सफलता का श्रेय क्षेत्र के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और किसान भाइयों के निरंतर सहयोग एवं अथक प्रयासों को दिया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से किसानों द्वारा नवीन धान खरीदी केंद्र की मांग की जा रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।

नए धान खरीदी केंद्र शुरू होने से मनसुख और नानभान सहित आसपास के किसानों को अपनी धान की उपज बेचने के लिए दूर-दराज के खरीदी केंद्रों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे किसानों के समय और परिवहन खर्च में बचत होगी। साथ ही धान तुलाई और टोकन प्रक्रिया भी किसानों के लिए अधिक सुलभ एवं व्यवस्थित होने की उम्मीद है।

विधायक ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के किसानों की एकजुटता और जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। नवीन धान खरीदी केंद्र की उपलब्धता से क्षेत्र के कृषि विकास को गति मिलने के साथ ही किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए क्षेत्र के सभी किसानों, सरपंचों और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button