हरेली पर्व के नवाचार में किसान मोर्चा कोरिया प्रदेश में प्रथम, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

गेड़ी प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा और लोक-सांस्कृतिक आयोजनों को मिली प्रदेश स्तर पर पहचान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने प्रदान किया प्रथम पुरस्कार
बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारंपरिक खेलों और ग्रामीण समाज को एक सूत्र में जोड़ने के उद्देश्य से हरेली पर्व पर आयोजित कार्यक्रमों में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला कोरिया ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू कृषि मंत्री रामविचार नेताम क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय एवं किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक चंद्र ठाकुर ने किसान मोर्चा कोरिया के जिलाध्यक्ष शिवचरण साहू को प्रथम पुरस्कार की ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
हरेली पर्व के अवसर पर किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवचरण साहू के नेतृत्व में जमनीपारा, शिवपुर-चरचा में जिला स्तरीय गेड़ी प्रतियोगिता, करमा नृत्य एवं विभिन्न लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इसके साथ ही गेड़ी के माध्यम से तिरंगा यात्रा निकालकर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति को राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का अभिनव प्रयास किया गया। प्रदेशभर में किसान मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के मूल्यांकन में कोरिया जिले के आयोजन को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
कोरिया जिले का नवाचार बना प्रदेश में चर्चा का विषय
हरेली पर्व पर किसान मोर्चा कोरिया द्वारा किया गया आयोजन अपने आप में अनूठा रहा। पारंपरिक गेड़ी प्रतियोगिता को केवल खेल तक सीमित न रखते हुए इसे किसानों, ग्रामीण समाज, छत्तीसगढ़ी संस्कृति और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का प्रयास किया गया। विशेष रूप से गेड़ी तिरंगा यात्रा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और इस नवाचार की प्रदेश स्तर पर सराहना हुई।
कम समय में जिला एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में किसान मोर्चा के जिला प्रभारी अनिल अग्रवाल,आशुतोष दुबे सहित मोर्चा के पदाधिकारी, मंडल कार्यकर्ता, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय राज्यमंत्री ने की कार्यकर्ताओं की प्रशंसा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरिया जिले को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिलाध्यक्ष शिवचरण साहू एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कार्यकर्ताओं के प्रयासों की प्रशंसा की। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू एवं किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक चंद्र ठाकुर ने भी कोरिया जिले के कार्यकर्ताओं के परिश्रम तथा समाज को लोक संस्कृति से जोड़ने के अभिनव प्रयास की सराहना की।
प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन और समाज के लिए सतत परिश्रम करते रहने का आह्वान किया। वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में कोरिया जिले को मिले इस सम्मान से जिले के किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
पुरस्कार पूरी टीम और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम — शिवचरण साहू
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवचरण साहू ने प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने का पूरा श्रेय जिले एवं मंडलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री कृष्णा प्रजापति जी की टीम और जनप्रतिनिधियों को दिया।
उन्होंने कहा, “यह सम्मान हमारी पूरी टीम के सामूहिक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। प्रथम पुरस्कार मिलने से हमारी ऊर्जा और जिम्मेदारी दोनों बढ़ी हैं। किसान मोर्चा आगे भी किसानों और समाज के बीच जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य करेगा। लोक संस्कृति, सामाजिक सरोकार और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज को नए संदेश देने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। यह पुरस्कार हमें और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।”
किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कोरिया जिले से जिलाध्यक्ष शिवचरण साहू के नेतृत्व में प्रदेश पदाधिकारी विनोद साहू, जिला महामंत्री प्रेम प्रकाश पांडे, जिला महामंत्री जय चक्रभारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश्वर रजक एवं संदीप साहू उपस्थित रहे।
कोरिया जिले को प्रदेश में प्रथम पुरस्कार मिलने पर सभी पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के किसान मोर्चा के प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम, संगठनात्मक सक्रियता और सामूहिक प्रयास की उपलब्धि बताया। इस सम्मान से किसान मोर्चा कोरिया के कार्यकर्ताओं में आगामी सामाजिक, संगठनात्मक एवं किसान हितैषी गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए नई ऊर्जा का संचार हुआ है।




