बाजार भूमि पर अवैध कब्जे के विरोध में सड़क पर बैठे ग्रामीण, स्थानीय जनप्रतिनिधियों संग जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह..

कोरिया जिले के सोनहत ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत
रजौली की बाजार भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर देखने को मिला। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक व्यक्ति द्वारा बाजार मद की शासकीय भूमि पर पहले प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कराया गया और अब उसी भूमि पर शेड एवं बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा था। पंचायत बॉडी द्वारा इस संबंध में कई बार तहसील कार्यालय में शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई थी।
मामले की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रशासन की लेटलतीफी पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। विरोध प्रदर्शन की सूचना पर तहसीलदार एवं पटवारी मौके पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। जांच के बाद अधिकारियों ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा विवादित स्थल पर चल रहे नव निर्माण कार्य पर स्थगन आदेश जारी कर दिया।
तहसीलदार के आश्वासन के बाद ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने धरना समाप्त किया। जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।



