कोरिया

लगातार बारिश के बीच आसमानी कहर, गरीब किसान के बैल की मौत

आर्थिक रूप से कमजोर किसान गोलाप साय ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

सोनहत(कोरिया)क्षेत्र में शनिवार को लगातार बारिश के बीच आसमानी बिजली ने एक गरीब किसान के परिवार पर कहर बरपा दिया। ग्राम पंचायत पोंडी निवासी किसान गोलाप साय के बैल की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब क्षेत्र में खेती-किसानी का काम तेजी से चल रहा है और किसान अपने खेतों की तैयारी एवं कृषि कार्यों में जुटे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि किसान गोलाप साय आर्थिक रूप से कमजोर हैं और खेती-किसानी के कार्यों के लिए पशुधन पर काफी हद तक निर्भर हैं। ऐसे समय में बैल की मौत ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। खेती के लिए पशुधन का महत्वपूर्ण योगदान होने के कारण एक बैल का नुकसान किसान के लिए केवल पशुधन की क्षति नहीं, बल्कि खेती के आगामी कार्यों को लेकर भी बड़ी चुनौती बन गया है।
शनिवार को मौसम खराब रहा और लगातार बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से किसान का बैल उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद किसान के परिवार में मायूसी छा गई। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच बैल की मौत से किसान को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
किसान गोलाप साय ने शासन-प्रशासन से आकाशीय बिजली से हुई पशुधन की क्षति का मुआवजा अथवा नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। किसान का कहना है कि पहले ही खेती-किसानी में लागत लगातार बढ़ रही है। बीज, खाद, जुताई और अन्य कृषि कार्यों में खर्च बढ़ने के बीच पशुधन का नुकसान उनके लिए भारी आर्थिक झटका है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़ित किसान को जल्द से जल्द राहत प्रदान करने की मांग की है, ताकि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के बाद किसान को कुछ आर्थिक सहारा मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button