कोरिया

वरिष्ठ नागरिक दिवस पर जिला चिकित्सालय में विशेष कार्यक्रम..

कोरिया। वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर स्थित एल्डरली केयर सेंटर में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, मानसिक प्रसन्नता और सम्मान को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सिविल सर्जन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।


कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों का ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर परीक्षण किया गया। विशेषज्ञों ने उन्हें स्वस्थ खान-पान और उचित पोषण के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं परामर्श दिया। स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए योग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आयु और क्षमता के अनुसार सरल योग एवं व्यायाम कराया गया।
मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता ने तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम को मनोरंजक बनाने के लिए विभिन्न खेल एवं गतिविधियां भी कराई गईं, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।


इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष और उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने नई पीढ़ी को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरणादायक संदेश भी दिए।
कार्यक्रम के अंत में सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल, डॉ. कार्तिकेय एवं अस्पताल सलाहकार प्रियंका ने वरिष्ठ नागरिकों को शॉल, श्रीफल एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके स्वस्थ, सुखी एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में डॉ. रमाकांत, डॉ. तरब कौशर, फिजियोथेरेपिस्ट शीबा, सुमन, आंचल, मंजू जायसवाल एवं दीपक सहित अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के साथ उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सम्मान एवं अपनत्व का अनुभव कराना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button