व्हाट्सएप पोस्ट पर बवाल, समुदाय विशेष पर टिप्पणी का आरोप,थाने पहुंचा मामला..

सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार आरोपी आदतन
बदमाश की श्रेणी में पुलिस रिकार्ड में नाम दर्ज है। जिनके सुधार के कोई लक्षण नजर नही आते एक बार फिर विवाद जैसी स्थिति निर्मित और भड़काऊ पोस्ट कर माथे पर लगे ठप्पे को सही साबित करने का प्रयास किया गया है ।
सोशल मीडिया पर की गई एक कथित विवादित टिप्पणी को लेकर सोनहत में माहौल गरमा गया है। मुस्लिम समाज के लोगों ने थाना सोनहत में शिकायत दर्ज कराते हुए एक व्यक्ति पर समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक एवं भड़काऊ टिप्पणी करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार एक व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किए गए संदेश में मुस्लिम समुदाय के संबंध में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की पोस्ट न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी प्रभावित करती हैं।
समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। आवेदन में यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पर लगातार इस प्रकार की टिप्पणियां क्षेत्र की शांति व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती हैं।
वहीं, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई संभव है।



