एसपी हरीश राठौर ने ओड़गी में लगाई ग्राम चौपाल, 1930 पर तत्काल शिकायत की दी सलाह

साइबर ठगी से बचाव के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक

बैकुंठपुर/कोरिया। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत बुधवार को ग्राम ओड़गी, थाना बैकुंठपुर में विशेष ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर ने चौपाल में ग्रामीणों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को बताया कि साइबर ठग अक्सर लोगों को लालच, डर या जल्दबाजी में फंसाकर ठगी करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने ग्रामीणों से व्हाट्सएप और मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा लॉटरी, फर्जी नौकरी और कम समय में पैसा दोगुना करने जैसे झांसे से सावधान रहने की अपील की। साथ ही फर्जी पुलिस अधिकारी, बैंक अधिकारी या कस्टमर केयर बनकर आने वाले फोन कॉल की भी पूरी तरह जांच करने की सलाह दी।
एसपी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन या वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने तथा तत्काल नजदीकी थाना या साइबर सेल को सूचना देने की सलाह दी गई।
- चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने साइबर अपराध से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने समाधान किया। ग्रामीणों ने पुलिस विभाग की इस जागरूकता पहल की सराहना की। कार्यक्रम में स्थानीय पुलिस अधिकारी, सरपंच, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




