पेड़ों को राखी बांधकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


स्थान : कोरिया
रक्षाबंधन पर्व से पहले कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित छिंदडांड के मां काली मंदिर परिसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर अनूठी पहल की गई। सर्व समाज के लोगों ने एकजुट होकर मंदिर परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया और उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर जीवनभर उनकी देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
इस दौरान लोगों ने कहा कि जिस तरह भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी तरह वृक्ष भी मानव जीवन की रक्षा करते हैं। पेड़ हमें ऑक्सीजन, फल, छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। इसलिए इस रक्षाबंधन पर पौधों को राखी बांधकर ‘आप हमारी रक्षा करें, हम आपकी रक्षा करेंगे’ का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता निभाई। पौधरोपण के साथ प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल और भरण-पोषण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया गया। आयोजकों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण की यह पहल आज से शुरू की गई है और इसे आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों से आगे आने की अपील की।




