चरचा कालरी क्वार्टर में चोरी तीन घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

चरचा। चरचा थाना पुलिस ने कालरी क्वार्टर में हुई चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज होने के करीब तीन घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को स्टाफ कॉलोनी चरचा निवासी अमन सिंह ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनकी मां 5 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे चरचा आरओ कार्यालय काम के लिए गई थीं। दोपहर करीब 2 बजे घर लौटने पर पता चला कि बाथरूम के पास स्थित रोशनदान तोड़कर अज्ञात चोर घर में दाखिल हुआ और अलमारी में रखे 50 एवं 100 रुपये के नोटों के रूप में करीब 15 हजार रुपये नगद तथा फल एवं अन्य खाने-पीने का सामान चोरी कर ले गया।
शिकायत पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को संदेही शमशेर बसोर उर्फ गगन बसोर, पिता दिलीप बसोर, निवासी घुटरी दफाई चरचा के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस को पता चला कि आरोपी चोरी की रकम से मोबाइल खरीदने के बाद शेष रकम खर्च कर रहा था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक के.एस. गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदेही से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी की रकम से खरीदा गया करीब 7,500 रुपये कीमत का मोबाइल फोन तथा 970 रुपये नगद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी शमशेर उर्फ गगन बसोर (22 वर्ष) को 6 अक्टूबर को शाम 4:10 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक के.एस. गौतम, प्रधान आरक्षक शशिभूषण, सैनिक विकास सिंह, राजेश एवं रविदास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




