छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना, प्रशासन अलर्ट*

*कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने दिए कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और राहत-बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश*
*संबंधित अधिकारियों- कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध, जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता*
*कोरिया,/* बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ और 29 अक्टूबर को उत्तरी हिस्से में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। संभावित परिस्थितियों को देखते हुए कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा है कि किसी भी प्रकार की जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से तैयारियों की समीक्षा करें और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहें। इस दौरान संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध रहेगा।
*कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश*
कलेक्टर ने जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों की निरंतर निगरानी करने को कहा है। राजस्व, पुलिस, जल संसाधन, कृषि, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक निर्माण, वन एवं आपदा प्रबंधन विभाग सहित नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों को समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निचले इलाकों, जलभराव और बाढ़ की आशंका वाले स्थानों की पहचान कर आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव की व्यवस्था रखने को कहा गया है। डीडीआरएफ, होमगार्ड एवं अन्य बचाव दलों को जरूरी उपकरणों सहित तैयार रखने तथा आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
*जलाशयों और बांधों के जलस्तर पर रहेगी निगरानी*
जल संसाधन विभाग को जलाशयों एवं बांधों के जलस्तर की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। जल निकासी की आवश्यकता होने पर प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को समय रहते चेतावनी देने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया है। आमजन तक मौसम की चेतावनियां समय पर पहुंचाने पर भी जोर दिया गया है।
*नदी-नालों और जलमग्न मार्गों को पार करने से बचें*
जिला प्रशासन ने आमजन से जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने तथा पानी बहने की स्थिति में नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है। वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों से संभावित भारी वर्षा के दौरान विशेष सावधानी बरतने और जलमग्न मार्गों से गुजरने से बचने को कहा गया है।
किसानों को फसलों की कटाई और उपज के सुरक्षित भंडारण की योजना बनाते समय स्थानीय मौसम पूर्वानुमान का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
*चक्रवाती प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा का पूर्वानुमान*
मौसम विभाग के 25 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजकर 15 मिनट पर जारी बुलेटिन के अनुसार, पूर्व-मध्य और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब गहरे अवदाब में बदल गया है। इसके आगे तीव्र होकर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर को सुकमा एवं दंतेवाड़ा तथा 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में वर्षा की संभावना है। प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



