गुलाब कमरो के सवालों के बीच कोरिया एसपी का तबादला, तीन बड़ी घटनाओं पर विपक्ष ने सरकार को घेरा

कोरिया जिले में लगातार सामने आईं तीन बड़ी घटनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के हमलों के बीच राज्य सरकार ने कोरिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) का तबादला कर दिया है। इससे पहले सोनहत थाना प्रभारी का भी स्थानांतरण किया गया था। विपक्ष इसे जिले की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और लगातार उठ रहे जनाक्रोश का परिणाम बता रहा है, हालांकि सरकार की ओर से तबादलों को लेकर कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।

पूर्व विधायक एवं सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक गुलाब कमरो पिछले कई दिनों से प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगातार सवाल उठा रहे थे। उनका कहना है कि जिले में एक महीने के भीतर हुई तीन बड़ी घटनाओं ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पुलिस को पहले से जानकारी होने के बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़े।

कमरो ने नौगई में तीन लोगों को कार सहित जिंदा जलाने की घटना, सोनहत ग्राम पंचायत की महिला सरपंच को मिली जान से मारने की धमकी तथा बैकुंठपुर में 17 वर्षीय आदिवासी छात्रा पूजा की आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि ये घटनाएं पुलिस व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं।
उन्होंने IC मार्ट प्रकरण को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कमरो का आरोप है कि मार्ट संचालक ने दो बहनों पर चोरी का आरोप लगाते हुए कथित रूप से 50 हजार रुपये की मांग की, उनकी स्कूटी अपने कब्जे में रखी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक प्रताड़ना और अपमान से आहत होकर छात्रा ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। कमरो ने कहा कि नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों के कथित राजनीतिक संबंधों के कारण कार्रवाई में देरी हो रही है।
पूर्व विधायक ने कहा कि यदि प्रदेश में वास्तव में सुशासन है तो सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। यदि जांच में किसी प्रकार का अवैध निर्माण या अन्य अनियमितता सामने आती है तो उस पर भी नियमानुसार बुलडोजर सहित सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
इधर, आदिवासी छात्रा पूजा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने कोरिया कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक एवं पूर्व विधायक गुलाब कमरो, जिला अध्यक्ष विजय सिंह, अशोक जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। समाज ने छात्रा की मौत की निष्पक्ष जांच, सभी नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
जिले में हुए पुलिस अधिकारियों के तबादलों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। विपक्ष का कहना है कि लगातार उठ रहे सवालों, जनदबाव और कानून-व्यवस्था को लेकर बढ़ती नाराजगी के बीच सरकार को पुलिस महकमे में बदलाव करना पड़ा है। वहीं प्रशासन की ओर से इन तबादलों को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।



