जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह की पहल के बाद मनरेगा मजदूरी गड़बड़ी मामले में जिला स्तरीय टीम ने की जांच,

जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह की पहल के बाद हुई कार्रवाई, जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी
कोरिया। सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बसवाही में मनरेगा कार्यों में मजदूरी भुगतान और मस्टर रोल में अनियमितता की शिकायत पर जिला स्तरीय टीम ने जांच की है। शिकायतों के आधार पर हुई जांच में प्रथम दृष्टया अनियमितताएं सामने आने के बाद तत्काल प्रभाव से सभी मनरेगा मेटों को हटाने की कार्रवाई की गई है। अब जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत बसवाही में मनरेगा मजदूरों की मजदूरी भुगतान को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। ग्रामीण मजदूरों का आरोप था कि मस्टर रोल में दर्ज मजदूरों की संख्या और वास्तविक कार्यस्थल पर मौजूद मजदूरों की संख्या में अंतर है। साथ ही कुछ मामलों में घर बैठे हाजिरी दर्ज करने और कार्यस्थल पर केवल फोटो खिंचवाने के लिए आने की शिकायत भी सामने आई थी।
मामले को लेकर जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने उच्च अधिकारियों के संज्ञान में शिकायतों को लाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि “मनरेगा मजदूरों के हक की मजदूरी पर डाका डालने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
इसके बाद जिला स्तर की टीम ग्राम पंचायत बसवाही पहुंची और ग्रामीणों व मनरेगा मजदूरों की मौजूदगी में मामले की जांच की। जांच के दौरान तालाब गहरीकरण सहित अन्य कार्यों में दर्ज मजदूरी, मस्टर रोल और कार्य की स्थिति का परीक्षण किया गया।
सूत्रों के अनुसार जांच के प्रथम चरण में ग्रामीणों की शिकायतें सही पाई गईं, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए मनरेगा के सभी मेटों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। अब जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित जिम्मेदारों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों की निगाहें अब जांच रिपोर्ट और आगामी प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



