भैसवार के बदरा में भी ग्राम सभा नहीं जुटा पाई ग्रामीण प्रचार-प्रसार पर उठे सवाल

भैसवार के बदरा में भी ग्राम सभा स्थगित, प्रचार-प्रसार के अभाव के आरोप
कम उपस्थिति के चलते नहीं हो सकी ग्राम सभा, पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सोनहत ब्लॉक के ग्राम पंचायत भैसवार के आश्रित ग्राम बदरा में आयोजित ग्राम सभा भी ग्रामीणों की कम उपस्थिति के कारण स्थगित होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार ग्राम सभा को लेकर पर्याप्त मुनादी और प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण ग्रामीणों को इसकी जानकारी समय पर नहीं मिल सकी।
इससे पहले 2 अक्टूबर को पंचायत कार्यालय भैसवार में आयोजित विशेष ग्राम सभा भी ग्रामीणों की कम उपस्थिति के चलते स्थगित हो गई थी। उस दौरान कुछ ग्रामीणों ने सरपंच पर ग्राम सभा की सूचना के लिए पर्याप्त प्रचार-प्रसार और मुनादी नहीं कराने का आरोप लगाया था।
अब बदरा में भी ग्राम सभा स्थगित होने से पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार ग्राम सभा स्थगित होने से पंचायत से जुड़े विकास कार्यों और ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा प्रभावित हो सकती है। वहीं पंचायत कार्यालय से संबंधित कार्यों में भी ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का सवाल है कि यदि ग्राम सभा ही समय पर आयोजित नहीं हो पा रही है तो शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ जरूरतमंद ग्रामीणों तक किस तरह पहुंचेगा। लगातार ग्राम सभा स्थगित होने की स्थिति में पंचायत के जिम्मेदार पदाधिकारियों की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
तस्वीरों में दिखी अव्यवस्था
बदरा में आयोजित ग्राम सभा की सामने आई तस्वीरों में कुछ ग्रामीण खेत में जमीन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग खड़े और कुछ बाइक पर बैठे नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सभा के आयोजन में उचित व्यवस्था और पर्याप्त उपस्थिति सुनिश्चित करने की जरूरत है। पंचायत स्तर पर ग्राम सभा जैसे महत्वपूर्ण आयोजन की ऐसी स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, ग्राम सभा में कम उपस्थिति और प्रचार-प्रसार के संबंध में पंचायत के सरपंच एवं संबंधित जिम्मेदारों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। जिसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जायेगा ग्राम पंचायत सचिव से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन सम्पर्क नहीं
हो सका


