सोनहत के पंचायतों में पहुंचीं कलेक्टर रोक्तिमा यादव, जल संरक्षण कार्यों का लिया जायजा..

कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने शुक्रवार को सोनहत विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं भविष्य की कार्ययोजना का अवलोकन करते हुए अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत ग्राम पंचायत किशोरी से हुई, जहां कलेक्टर ने कंटूर ट्रेंच एवं गेबियन स्ट्रक्चर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत अकलसराय में जल संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात कलेक्टर ग्राम पंचायत बुढार पहुंचीं, जहां शासकीय भूमि पर प्रस्तावित कंटूर ट्रेंच निर्माण एवं वृक्षारोपण के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत के सरपंच, उपसरपंच एवं सचिव से चर्चा कर जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और सभी संबंधित विभागों के समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोनहत एवं कार्यक्रम अधिकारी को हसदेव नदी की जलधारा को संरक्षित रखने तथा जल संवर्धन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत सचिवों से कहा कि टीम बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण हो सके और ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बेहतर हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोनहत मनोज जगत, परियोजना अधिकारी विकास अवधिया, बिहान योजना के समन्वयक, रुद्र मिश्रा, प्रतीक जैसवाल, ग्राम पंचायत सचिव प्रवीण कुमार पांडे, सरपंच श्रीमती संगीता, उपसरपंच सुरेश कुमार राजवाड़े, पूर्व सरपंच गंगा सिंह, तकनीकी सहायक रश्मि साहू सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।




