कोरिया

कोविड अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट से 80 हजार के कॉपर वायर चोरी का खुलासा, पांच गिरफ्तार..

बैकुंठपुर। कोविड अस्पताल कंचनपुर स्थित ऑक्सीजन प्लांट से करीब 80 हजार रुपये कीमत के इलेक्ट्रॉनिक कॉपर वायर चोरी के मामले का बैकुंठपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक 20 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है। वहीं चोरी हुए शेष माल की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता को लेकर जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, सीएमओ कार्यालय में ऑक्सीजन प्लांट हैंडलर प्रकाश कुमार विश्वकर्मा ने 9 जनवरी 2026 को थाना बैकुंठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 8 जनवरी की दरम्यानी रात कोविड अस्पताल कंचनपुर के ऑक्सीजन प्लांट में लगे कॉपर वायर को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। मामले में अपराध क्रमांक 08/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चरचा निवासी अर्जुन बसोर, विजय बसोर और संतोष कुमार चौधरी से पूछताछ की। पूछताछ में चोरी की घटना स्वीकार करने के साथ आरोपियों ने चोरी का 70 किलोग्राम कॉपर वायर चरचा निवासी दीपेश उर्फ निखिल महाराज को बेचने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने दीपेश से पूछताछ की, जिसने 65 किलोग्राम वायर बैकुंठपुर निवासी आर्यन ताम्रकार को बेचने की बात बताई। पुलिस ने दीपेश के कब्जे से 5 किलोग्राम और आर्यन ताम्रकार के कब्जे से 15 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया। इस तरह अब तक कुल 20 किलोग्राम चोरी का माल बरामद किया गया है।
पुलिस ने मामले में अर्जुन बसोर (23), विजय बसोर (30), संतोष कुमार चौधरी (38), दीपेश उर्फ निखिल महाराज (27) और आर्यन ताम्रकार (23) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को 30 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक चोरी हुए शेष कॉपर वायर की बरामदगी और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्रा, उप निरीक्षक महेश कुशवाहा, प्रधान आरक्षक बाल साय पोर्ते, आरक्षक समीर, आरक्षक रामायण श्याम सहित साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने आमजन से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों अथवा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button