मनरेगा में अनियमितता के आरोप, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने जांच की मांग उठाई..

मजदूरों के हक की मजदूरी पर डाका डालने वालों को नहीं बख्शा जाएगा- सुरेश सिंह
सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बसवाही में मनरेगा कार्यों में अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने और निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना के तहत वास्तविक मजदूरों को काम नहीं मिल पा रहा है, जबकि कुछ लोगों को बुलाकर कार्यस्थल पर फोटो खींचकर औपचारिकता पूरी की जा रही है। आरोप है कि कार्यस्थल पर पर्याप्त मजदूर नहीं पहुंच रहे हैं और कार्य की वास्तविक स्थिति एवं मस्टर रोल में दर्ज उपस्थिति में अंतर है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पूर्व में भी इस तरह की शिकायत सामने आई थी, जिसके बाद तकनीकी जांच के दौरान कुछ अनियमितताएं पाए जाने पर हाजिरी में कार्रवाई की गई थी। हालांकि, अब फिर से मनरेगा कार्यों में लापरवाही और फर्जीवाड़े के आरोप लगाए जा रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए है। मजदूरों के हक की मजदूरी पर डाका डालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वास्तविक मजदूरों को उनका पूरा अधिकार मिलना चाहिए और मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।




