मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 4 बुलेट जब्त 30 प्रकरणों में 48100 रुपये जुर्माना


बैकुंठपुर। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कोरिया पुलिस ने 5 अक्टूबर की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 30 प्रकरणों में 48,100 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
अभियान थाना कोतवाली बैकुंठपुर, पुलिस चौकी बचरा-पोंड़ी, थाना पटना, चरचा, सोनहत तथा जिला यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया। बैकुंठपुर पुलिस ने तेज और पटाखे जैसी आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 4 बुलेट वाहनों को जब्त किया। प्रत्येक वाहन चालक पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जिला यातायात पुलिस ने 20 प्रकरणों में 25,200 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया, जबकि 14 मामलों में ई-चालान की कार्रवाई की गई। बिना फिटनेस, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले ऑटो चालक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वाले 2 पिकअप वाहनों से 14 हजार रुपये की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा बिना नंबर प्लेट वाले 4 वाहनों से 1,200 रुपये, बिना हेलमेट एवं तीन सवारी के मामलों में 1,500 रुपये तथा नो-पार्किंग में खड़े वाहन पर 300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।
थाना पटना में 14 प्रकरणों में 6,700 रुपये, सोनहत में 3 प्रकरणों में 900 रुपये तथा चरचा में एक पिकअप चालक से 500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। बचरा-पोंड़ी चौकी पुलिस ने सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 1,000 रुपये तथा सार्वजनिक मार्ग में आवागमन बाधित करने वाली पार्किंग के मामले में 500 रुपये की चालानी कार्रवाई की।
पुलिस ने वाहन चालकों की शराब पीकर वाहन चलाने की भी जांच की और ऐसे मामलों में संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
मॉडिफाइड साइलेंसर हटाने की अपील
कोरिया पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहनों में लगे मॉडिफाइड अथवा तेज आवाज करने वाले साइलेंसर तत्काल हटाकर कंपनी के मानक साइलेंसर लगाएं। नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर वाहन जब्ती, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।



