सेवा संकल्प से स्वच्छता का संदेश खरवत के वृद्ध तालाब में हुआ सामूहिक श्रमदान

’स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ गतिविधि में ग्रामीणों ने निभाई सहभागिता’
’सरोवर, नदियों को साफ रखने की सबकी जिम्मेदारी’
कोरिया/ सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप स्वच्छ और स्वस्थ परिवेश के लिए सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 01 अक्टूबर को विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के ग्राम पंचायत खरवत स्थित वृद्ध तालाब में ‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ श्रमदान गतिविधि का आयोजन किया गया।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेंद्र श्रीवास के मार्गदर्शन में आयोजित श्रमदान के दौरान गणेश विसर्जन के बाद तालाब परिसर में बिखरी सामग्री, लकड़ी, पैरा एवं अन्य अपशिष्ट की साफ-सफाई की गई।
ग्रामीणों और अभियान से जुड़े लोगों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ रखने में अपनी भागीदारी निभाई।
’स्वच्छता केवल अभियान नहीं, सामूहिक जिम्मेदारी’
श्रमदान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमित साफ-सफाई के साथ कचरे का उचित प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने की आदतों को अपनाकर स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाया जा सकता है।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित यह गतिविधि सेवा संकल्प की उस भावना को सामने लाती है, जिसमें श्रमदान के माध्यम से अपने गांव और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए लोग स्वयं आगे आते हैं।
इस अवसर पर राज्य सलाहकार
पुरुषोत्तम पांडा, सरपंच, सचिव, स्वच्छाग्राही सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने आम लोगो से कहा कि सरोवर, नदियों को साफ रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। तालाब में कचरा बिल्कुल न डालें साथ ही प्लास्टिक का उपयोग करने बाद तालाब, नदी व खुले मैदान में न फेंके यह जीवों के साथ पर्यावरण के लिए भी नुकसान दायक है।



