2 अक्टूबर विशेष ग्राम सभा भैसवार की स्थगित ग्रामीणों ने सरपंच पर लगाएं आरोप

सोनहत ब्लॉक के ग्राम पंचायत भैसवार में 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभा ग्रामीणों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति के चलते स्थगित हो गई। सभा में कुछ ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे थे, लेकिन सभा स्थगित होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि विशेष ग्राम सभा को लेकर पंचायत स्तर पर पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया गया। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में मुनादी भी नहीं कराई गई, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोगों को ग्राम सभा आयोजित होने की जानकारी नहीं मिल सकी।
ग्रामीणों ने सरपंच पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय पर ग्राम सभा की सूचना आम लोगों तक पहुंचाई जाती और प्रचार-प्रसार किया जाता, तो बड़ी संख्या में ग्रामीण सभा में शामिल हो सकते थे। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान और पंचायत से जुड़े विभिन्न मुद्दों को ग्राम सभा के सामने रखने की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, लेकिन कम उपस्थिति के कारण ग्राम सभा स्थगित होने से उनकी समस्याएं भी सामने नहीं आ सकीं।
ग्रामीणों ने मामले में पंचायत स्तर पर ग्राम सभा की सूचना समय पर और व्यापक रूप से ग्रामीणों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।



