कुत्ते के हमले में मासूम घायल, 108 एंबुलेंस बनी मददगार

कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में आवारा कुत्ते के हमले में एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्ते के काटने से बच्चे के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद घायल बच्चे को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल बच्चे की पहचान उमासागर, पिता कैतकरण, निवासी ग्राम छिगुरा, पोस्ट सोनहत, जिला कोरिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के ईएमटी कृष्णा नारायण और पायलट राजेंद्र कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस कर्मियों ने बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया।
दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में जीवनरक्षक साबित हो रही 108 सेवा
दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में 108 एंबुलेंस सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ऐसे क्षेत्रों में दुर्घटना या अन्य आपातकालीन स्थिति के दौरान घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में एंबुलेंस कर्मियों की त्वरित सहायता जरूरतमंदों के लिए राहत साबित हो रही है।



